Friday, August 10, 2007

चैनल का चौराहा

दस बजते ही उस चौराहे पर
जमा होने लगती है भीड़
सुबह ऐसे स्ट्रगलर की
जो बनना चाहते हैं इलेक्ट्रानिक मीडिया के जर्नलिस्ट और
रात को दारु पीने के लिए ऐसे नौकरी पेशा लोगों की
जो इलेक्ट्रानिक मीडिया के जर्नलिस्ट बन चुके हैं
सुबह चाय की चुस्की और रात को किसी के नाम जाम
गजब है चैनल का चौराहा
दिन में भी गुलजार
रात में भी गुलजार
एक चाय और एक सिगरेट के कश से
इस चौराहे पर किसी भी सनसनीखेज खबर की
पंच लाइन, प्रोमो और स्टिंग बनते हैं जो
पूरे देश में सनसनी फैला देते हैं।
लेकिन ये चौराहा रहता है जस का तस
आज कल इस चौराहे पर चैनल के बॉस भी बैठकी लगाते है
कई चैनल के बॉस एक साथ, एक दूसरे का दुख बांटने
या फिर अपने नीचे काम करने वाले लोगों की खबर लेने के लिए
चाय वाला अक्सर बॉस लोगों को गाली देता होगा
क्योंकि उसका धंधा चौपट हो जाता है, ग्राहक कम हो जाते हैं।
सुना है चैनल के इस चौराहे पर
आज कल खुफिया विभाग की नजर है
क्योंकि वहां अब दलाल भी इकट्ठा होते हैं।

Monday, August 6, 2007

एक गोरिया थी...

मेरे गांव में एक गोरिया थी.....
नाम था उसका सावित्री....
चेहरे से गोरी गोरी थी....
इस लिए लोग उसे गोरिया कहने लगे थे..
लम्बी थी सुन्दर थी..

एक साल पहले ही वो नई नवेली दुल्हन बन कर आई थी
गांव में वो औरतों के बीच चर्चा का विषय थी...
एक गरीब घर में ब्याह कर आई थी।
धीरे धीरे वो गांव के लौडों की भी नजर में बस गई थी
जिस घर में वो ब्याह कर आई थी...
ठीक उसी घर के सामने पुराने जमाने के जमींदार कहे जाने वाले
लड़को का घर भी था।
अब उनके घर के जवान लड़को की नजर गोरिया पर थी
गोरिया का पति समझ रहा था कि उसकी बीबी
पर अब जमीदारों की नजर पड़ गई है
वो अपनी बीवी को घर से निकलने नही देता था
लेकिन एक कमरे के घर में छिपा भी नही पाता था
और एक दिन गोरिया के पति की लाश गांव के बाहर बने एक कुएं में मिली
गोरिया अब घर में अकेली थी....साथ में उसकी बूढ़ी सास भी थी न के बराबर
गोरिया अब गांव दारी से भी वास्ता रखने लगी थी
अब उसके सिर से घूंघट हट गया था.....पान भी खाने लगी थी
गांव के लौडो के साथ अब उसे गुटखा खाते
नौरंगी लाल की दुकान पर लोग देखने लगे थे
वो अक्सर गांव की औरतों के साथ चौरा करते देखी जाती
लेकिन घर के बाहर।
गोरिया को घर के अंदर लाने से सब डरती थी..शायद बदनामी
गोरिया के होठों पे लिपिस्टिक का रंग गहरा हो गया था
गांव की औरतें अब उसे छिनाल कहने लगी थी
गांव के लौडे रात का इंतजार करते थे
एक दिन गांव में कानाफूसी थी कि गोरिया कल फलाने के साथ पकड़ी गई
दूसरे दिन गोरिया की लाश पास के तालाब के पास पड़ी थी
रात में गांव के लोगों ने गोली की आवाज....और
गोरियां की चीख भी सुनी थी।

Friday, August 3, 2007

रिपोर्टर का डर.......

वो रिपोर्टर है, एक न्यूज चैनल में
लेकिन डरती है...
उसे डर लग रहा है,
ऐसे बॉस से जिसके बारे में तमाम तरह की बातें
मीडिया के परिवार में फैलती रहती हैं..
सब कहते हैं वो तो बहुत बड़ा चमड़ी बाज है
वो रिपोर्टर ऐसे ठिकाने की तलाश में है
जहां का माहौल थोड़ा ठीक हो...
लेकिन उसे ये बात नामुमकिन लगती है..
शायद वो कुछ दिनों बाद इस खबरों की दुनिया को छोड़ दे
या फिर इस दुनिया दारी से समझौता कर ले....

Thursday, August 2, 2007

जस का तस......

सात साल बाद जब मै अपने कालेज के हॉस्टल गया तो
सब कुछ जस का तस था........सिर्फ चेहरे नये थे
दरवाजे पर टूटे शीशे से आने वाली रोशनी को रोकने के लिए
अजंता की पेटिंग जो मैंने लगाई थी.
वो अभी भी लगी थी, सिर्फ वो धुधली हो गई थी
लेकिन रोशनी अभी भी वहां से नही आ रही थी
लगता है इसी लिए उसे हटाया नही गया...

कालेज की दीवारों पर जो नाम लिखे थे और जो स्केच मैंने बनाये थे
वो भी मैंने देखा, वो भी जस के तस थे
हां उसके बगल में कुछ नाम और लिख दिए गये थे
किसी की याद में
पढ़ कर,मेरी भी कुछ यादें ताजा हो गई थी..
लेकिन सब कुछ जस का तस था।

चौराहे की चाय की दुकान पर
वो लोग जो दिन भर बैठकी लगाते थे
वो सब वही पर मुझे दिखे,
हां उन पुराने चेहरे में कुछ नये चेहरे भी थे
कुछ बदला था तो चाय की दुकान की बनावट
जिसमें बरसाती पन्नी की जगह टिन थी
लेकिन बाकी सबकुछ जस का तस था।

मुझे एहसास हो रहा था...मैं सोच रहा था....
शायद दुनिया ठहर गयी है।

Monday, July 30, 2007

इंटर्न.......

उसने जर्नलिस्ट बनने की पढ़ाई की थी....
एक तेज तर्रार जर्नलिस्ट.............
साल भर सिर खपाने के बाद
पत्रकारों के दायित्व की ढेर सारी बातें जेहन में पाल कर
वो एक न्यूज चैनल में इंटर्नशिप करने आई थी
देखने में भी वो सुन्दर थी.......एंकर माफिक
पहला दिन था, खबरों के घर में
कई नजरें कनखियों से तो कई नजरें उसको ताक रही थी
कुछ घूर भी रही थी.....
लेकिन वो सोच रही थी, इन लोगो ने तो मुझे पहले देखा भी नही..
तो फिर इतने ध्यान से मुझे क्यों देख रहे हैं
कुछ लोग उसके बारे में बात भी कर रहे थे
उसने सुना था, कोई कह रहा था लखनऊ से आई है....नवाबों के शहर से
वो कहने का मतलब समझ रही थी....
थोड़ा वो सकुचा गई थी....
एक हफ्ते बीत चुके तो
अब वो असल की खबर और खबरिया लोगो से थोड़ा मिल जुल गई थी...
लोग पास के चौराहे पर उसे चाय भी पिलाने ले जाने लगे
पद्रह दिन बाद......ऑफिस में उसी की चर्चा थी
जो भी उसके साथ चाय पी कर आता था
चार लोगो से बताता था
अब वो देर रात तक ऑफिस में रुकने लगी थी
इंटर्नशिप खत्म होने के दो चार दिन पहले मैंने देखा था
वो एक मोस्ट सीनियर, बॉस टाइप आदमी के साथ सुट्टा मार रही थी....
शायद उसकी............???

Wednesday, July 25, 2007

छोटा सा LOVE....

उसने उसको एक टीवी सीरियल में देखा था
फिर उसने उस कलाकार को एक खत लिखा....
तुम मुझे बहुत प्यारे लगते हो।
I LOVE YOU....
I LOVE YOU....
I LOVE YOU...
मैं बहुत अच्छी लगती हूं...मेरी मां बोलती है
मैं तुम्हें कैसी लगती हूं...
मैं भी पागल हूं तुमने तो मुझे देखा ही नही
चैनल वालों से कई बार मैंने तुम्हारा फोन नंबर मांगा..
उन्होंने दिया ही नही, बहुत गंदे होते हैं टीवी चैनल वाले।
चैनल वाले बोलते हैं, तुम नहा रहे हो, तुम खेलने गये हो
मैं जानती हूं कि वो लोग मुझसे झूठ बोलते है,
लेकिन मैं कोशिश करती रहती हूं की शायद कभी कोई तुम्हारा फोन नंबर दे दे।
फिर मैं अपना नाम तुम्हारें जुबान से सुनूं।
मेरा नाम मिनी है मैं क्लास 6 में पढ़ती हूं।
अच्छा अब मैं लिखना बंद कर रही हूं, शायद मम्मी आ रही है....

Tuesday, July 24, 2007

मां की चिट्ठी.....

मां की चिट्ठी आई है..
साल भर से ज्यादा हो गये
तुम घर नही आये।

पिछले साल दीवाली पर जो लड्डू बनाये थे
तुम्हारें हिस्से के, अभी तक रखे हैं।
घर की, गांव की वो सारे किस्से भी रखे है
जो तुम्हें सुनाने के लिए रखे हैं. पर तुम आये ही नही

तुम्हारे पिता जी रोज मुझे समझाते हैं, बताते हैं कि
तुम बहुत बिजी रहते हो...पता नहीं..
उनसे चुरा कर तुम्हें लिख रही हूं...
बेटा समय निकाल के आ जाओ
तुम्हारी मां अब बूढ़ी हो चुकी है
जाने कब मर जाए...
सांसे हुई पराई हैं....

मेरी छोड़ो, तुम कैसे हो, खाना समय से खाते हो
स्वास्थय पे ध्यान देना।
अब नहीं लिखूंगी, आंखे मेरी भर आई हैं...
मां की चिट्ठी आई है.....